
भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में कुमाऊं के नेताओं को इस बार प्राथमिकता मिली है। भाजपा ने उत्तराखंड में कुमाऊं क्षेत्र के प्रतिनिधित्व को बढ़ाया है। प्रदेश कार्यकारिणी में 17 नए सदस्य कुमाऊं से शामिल हुए हैं जिसमें से नैनीताल से छह नेताओं को शामिल किया गया है। प्रदेश महामंत्री रहे राजेंद्र सिंह बिष्ट को अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री तरुण बंसल प्रदेश महामंत्री, साकेत अग्रवाल प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, कौस्तुभानंद जोशी को प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक और प्रदीप जनोटी को प्रदेश मीडिया सहसंयोजक की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा रुद्रपुर के तीन, काशीपुर से दो ,पिथौरागढ़ से तीन, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा से एक-एक नेता को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर नेताओं का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की मजबूती पर जोर दिया जाएगा।