
उत्तराखंड राज्य में पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए कई प्रयास कर रही है। बता दें कि 2025 तक राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कई अभियान चलाए जा रहे हैं और एक ऐसा ही मामला लक्सर से सामने आया है जहां पुलिस ने बड़ी कार्यवाही के तहत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनसे 15 लाख रुपए से अधिक कीमत की 150.28 ग्राम स्मैक बरामद की गई है और आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि पूरे राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान के तहत पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है। लक्सर क्षेत्र में भी मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाने की सूचना पुलिस को मिली और सूचना पर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान के साथ पूरी टीम ने लक्सर हरिद्वार मार्ग पर अकबरपुर उद गांव तिराहे के निकट घेराबंदी करते हुए दो तस्करों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम वहीद पुत्र शमसुद्दीन व मोहम्मद हसन पुत्र समसुल निवासी ग्राम व थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस को इन दोनों के कब्जे से 15 लाख रुपए से अधिक कीमत की स्मैक बरामद हुई है। यह लोग स्मैक की डिलीवरी देने के लिए लक्सर आए थे और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इन्हें दबोच लिया।

