
उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा होमगार्ड के जवानों को बड़ी सौगात दी गई है। बता दें कि राज्य के होमगार्ड जवानों को सेना की तर्ज पर सीएसडी कैंटीन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए होमगार्ड के विशेष कैंटीन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
जवानों के शस्त्र प्रशिक्षण के लिए प्रेम नगर में उपलब्ध भूमि पर इंडोर फायरिंग रेंज का निर्माण किया जाएगा और जल्द ही 300 पदों पर भर्ती भी होगी। ननूरखेड़ा स्थित होमगार्ड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते बुधवार को उत्तराखंड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के स्थापना दिवस पर कई घोषणाएं की हैं और मुख्यमंत्री का कहना है कि होमगार्ड जवानों को वर्ष भर में 12 आकस्मिक अवकाश भी दिए जाएंगे साथ ही होमगार्ड स्वयं सेवकों के कंपनी कार्यालय ट्रांजिट कैंप व इमरजेंसी सर्च एवं रेस्क्यू सेंटर के लिए प्रदेश के कुल 9 स्थान पर आवंटित भूमि पर निर्माण कार्य के लिए 13 करोड़ 12 लाख रुपए भी दिए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पुलिस कर्मियों व एनडीआरएफ की तरह 9000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड जवानों को ₹200 प्रतिदिन की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा भी की गई है।

