भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजी नई तकनीक, अब एक ही जांच से पता चल सकेगा इनफ्लुएंजा ए, बी और कोरोना संक्रमण

भारतीय वैज्ञानिकों ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि की है| अभी तक अमेरिका, चीन, जापान और रुस जैसे देशों के पास भी यह तकनीक मौजूद नहीं है, लेकिन भारतीय वैज्ञानिकों ने यह तकनीक खोज निकाली है| जिसके जरिए केवल एक ही नमूने से इनफ्लुएंजा ए, बी और कोविड-19 संक्रमण रोगों की पुष्टि हो सकेगी| इससे संबंधित यूरोप में एक तकनीक है लेकिन वह एंटीजन आधारित है, जिसे इलाज के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाता है|

Advertisements


नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलॉजी (एनआईबी) के वैज्ञानिकों ने मल्टीप्लेक्स सिंगल ट्यूब रियल टाइम आरटी पीसीआर तकनीकी खोज की है| इस तकनीक से प्राप्त रिपोर्ट को सबसे बेहतर और गुणवत्ता युक्त माना जाता है| इसकी पुष्टि के आधार पर ही चिकित्सक रोगी का इलाज तय करता है|
बता दें इस तकनीक के जरिए मरीज में पुनः संक्रमण या फिर एक ही मरीज में संक्रमण का पता भी चल सकता है| जल्द ही इसकी किट बाजार में उपलब्ध होगी| इसके जरिए 93 नमूनों की जांच महज एक बार में 45 मिनट में पूरी होगी|
इस किट को 20 डिग्री तापमान पर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है| इसकी एक्सपायरी अवधि 1 वर्ष की है, हालांकि इसे बढ़ाने के लिए अलग से शोध चल रहा है|