
उत्तराखंड राज्य में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का बड़ा बयान सामने आया है। बता दें कि भाजपा प्रदेश कार्य समिति में जोशीमठ आपदा के बीच उन्होंने कहा कि जोशीमठ के मुद्दे को माओवादी ताकतें हवा देने का काम कर रही है। सरकार जोशीमठ को लेकर पूरी तरह से गंभीर है तथा आपदा प्रभावितों के विस्थापन और पुनर्वास को लेकर भी सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन विकास विरोधी सोच रखने वाले लोग स्थानीय नागरिकों को गुमराह कर जोशीमठ के पर्यटन तथा तीर्थाटन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बता दे कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने रायवाला में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति के प्रथम सत्र के पश्चात प्रेस वार्ता के दौरान यह बातें कहीं। उनका कहना है कि उत्तराखंड राज्य के विकास को माओवादी ताकतें प्रभावित कर रही हैं और चिंता जताते हुए कहा कि राज्य का प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी जोशीमठ आपदा में सरकार का सहयोग करने के बजाय इसे राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक मुद्दा बनाने का काम कर रहा है। उन्होंने जोशीमठ में सरकार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के पीछे माओवादी ताकत का हाथ बताया है। कहा है कि यह लोग स्थानीय जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं तथा धार्मिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जोशीमठ को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इससे प्रदेश का पर्यटन और तीर्थाटन भी प्रभावित होगा। वहीं दूसरी तरफ जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की इन बातों को जोशीमठ की जनता का अपमान बताया गया है। उन्होंने कहा है कि हम लोग देश के भक्त हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खुद ऐसा बयान देकर चीन की मदद कर रहे हैं।
