Uttrakhand- बुआ की गोद भरने के लिए भतीजो ने चुराया बच्चा ……पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

वर्तमान समय में यदि कोई महिला मां नहीं बन सकती तो वह बच्चा गोद लेती है या फिर कुछ अन्य रास्ता अपनाती है मगर राज्य के हरिद्वार जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां पर निसंतान महिला की गोद भरने के लिए उसके भतीजो ने बच्चे का अपहरण किया। इस मामले में पुलिस ने सहारनपुर की एक महिला और उसके दो भतीजो को गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाइयों ने अपनी बुआ की गोद भरने के लिए एक बालक का अपहरण किया था। इन दोनों ने 6 साल के बालक का अपहरण 9 दिसंबर को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से किया। खोजबीन करते हुए 2 सप्ताह बाद देवबंद सहारनपुर में एक मंदिर के बाहर बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया था और उसके बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं की जांच में जुट गई। पुलिस ने इसके लिए सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अपहरण में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है इन दोनों ने बाइक पंजाब से चुराई थी। दोनों आरोपितों ने अपहरण की बात कबूल कर ली है उन्होंने बताया कि उनकी बुआ निसंतान है और हरिद्वार से उन्होंने बच्चा चुराया था और उसके बाद अपनी बुआ को सौंप दिया। बाद में जब पुलिस ने इस मामले में सख्ती दिखाई तो उनकी बुआ ने बालक को मंदिर के बाहर छोड़ दिया जिस पर पुलिस ने उनकी बुआ साक्षी निवासी फैलादपुरा देवबंद सहारनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया है और तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।