घर से चोरी हुए मासूम को पुलिस ने किया सकुशल बरामद

हरिद्वार। जिले के ज्वालापुर स्थित खड़कपुर मोहल्ले से बीते शनिवार को एक मासूम बच्चा चोरी हो गया था। बच्चे की चोरी होने की खबर सुनकर पुलिस डिपार्टमेंट में भी हड़कंप का माहौल छा गया। इस मामले में पुलिस लगातार बीते 24 घंटे से सीसीटीवी कैमरे लगा रही थी और जिले की सीमाओं पर भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। आज रविवार की सुबह रोड़ी बेलवाला चौकी प्रभारी प्रवीन रावत अपनी टीम के साथ बच्चे की तलाश में चेकिंग अभियान चला रहे थे और इसी दौरान उन्हें सप्तऋषि क्षेत्र में दो महिलाएं संदिग्ध प्रतीत हुई उन्होंने महिलाओं से पूछताछ की जिसके दौरान उन्हें महिलाओं के गोद में वह बच्चा दिखा जब उन्होंने फोटो से बच्चे का मिलान किया तो पुलिस को पता चला कि वह चोरी हुआ 8 महीने का शिवांग है। मामले में पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया और पूछताछ करने के बाद सामने आया कि किसी संजय नाम के व्यक्ति ने उन्हें यह बच्चा दिया था। फिलहाल पुलिस महिलाओं से इस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है।