
उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार जिले में एक पति ने दूसरी महिला के प्यार के चक्कर में अपनी गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। बता दें कि मृतका 6 माह की गर्भवती थी और पति का किसी और पत्नी के साथ चक्कर था। इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया जिसमें पति ने पत्नी की हत्या कर दी। दरअसल मामला यह है कि रविंद्र निवासी रामपुर रायघटी की शादी 2020 में काजल निवासी खानपुर थाना क्षेत्र कलसिया से हुई थी। जिसके बाद उनका एक बेटा भी हुआ लेकिन काजल के पति रविंद्र का किसी और महिला के साथ चक्कर चल रहा था। जिसके चलते काजल ने इस बात का विरोध किया। बीते शुक्रवार की रात को इसी बात के कारण दोनों पति-पत्नी में विवाद हुआ और रविंद्र ने काजल का गला घोट कर उसकी हत्या कर दी।
काजल के पति ने परिजनों को बताया कि काजल बेड से गिर गई है जिससे कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है यह सुनने के बाद परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर गए मगर वहां काजल को मृत घोषित कर दिया गया। काजल को मृत घोषित करने के बाद उसके मायके वाले भी वहां पहुंच गए और काजल के गले पर निशान की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच की। मृतका के मायके वालों ने रविंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया है तथा रविंद्र को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है व इस मामले में पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।

