दर्दनाक -: लापता गर्भवती महिला का कंकाल मिलने से मचा हड़कंप

टिहरी| थौलधार ब्लॉक के नगुण पट्टी के जामणी गांव से लापता चल रही एक विवाहिता का कंकाल 50 दिन बाद गांव के समीप जंगल में झाड़ियों के बीच मिला| मृतका परिजनों ने उसकी शिनाख्त कपड़ों से की|


मृतका 3-4 माह की गर्भवती बताई जा रही है| मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है| मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है| फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है|
गांव की कुछ महिलाएं चारापत्ती के लिए जंगल जा रही थी तभी उन्हें गांव के 500 मीटर दूर झाड़ियों के बीच कंकाल दिखाई दिया| सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पहुंची| महिला के पिता और पति ने कपड़ों के आधार पर बताएं कि यह कंकाल सरस्वती देवी का ही है| पंचनामा भरकर पुलिस ने कंकाल को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा| मृतका के पिता ने कहा कि उसकी बेटी तीन-चार माह की गर्भवती थी और 9 जुलाई को ससुराल से नाराज होकर मायके आई थी| समझा-बुझाकर 24 जुलाई को ससुराल भेज दिया था| बेटी की शादी अक्टूबर 2019 में हुई थी| तभी से उसका पति और सास, ससुर, जेठ और जेठानी दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे|