
नई दिल्ली| पीएम नरेंद्र मोदी को देश-विदेश से मिले उपहारों और स्मृति-चिन्हों की नीलामी इस साल उनके जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होगी और 2 अक्टूबर तक चलेगी| इस बार पीएम को मिले 12 सौ से अधिक उपहारों को नीलामी के लिए रखा जाएगा| इन उपहारों की शुरुआती कीमत 100 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक रखी गई है|
संस्कृति मंत्रालय की देखरेख में नीलामी के लिए इन सभी उपहारों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा| यह नीलामी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरह से होगी| साथ ही नीलामी के लिए रखे गए उपहारों को खरीदने से पहले कोई भी संग्रहालय में जाकर देख सकेगा| इसके साथ ही छात्रों के देखने के लिए भी यह प्रदर्शनी खुली रहेगी|
सबसे ज्यादा कीमती उपहारों में पैरालंपिक व स्वर्ण पदक विजेता मनीष नरवाल की हस्ताक्षरयुक्त टी-शर्ट भी शामिल है| इसकी शुरुआती कीमत 10 लाख रखी गई है| साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की टी-शर्ट, बॉक्सिंग ग्लब्स, गोल्ड मेडलिस्ट भावना पटेल का टेबल टेनिस रैकेट है, जिसकी कीमत पांच-पांच लाख रुपये तक रखी गई है|

