जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों का दाखिला कराने के इच्छुक पेरेंट्स के लिए जरूरी सूचना

नई दिल्ली| अगले साल नवोदय विद्यालयों में 9वीं कक्षा में अपने बच्चे का दाखिला कराने के इच्छुक पेरेंट्स के लिए महत्वपूर्ण अपडेट आया है| नवोदय विद्यालय समिति ने देश भर में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित 650 जवाहर नवोदय विद्यालयों में वर्ष 2023-24 के दौरान कक्षा 9 में दाखिले के लिए अधिसूचना जारी कर दी है|


एनवीएस द्वारा 5 सितंबर 2022 को जारी जेएनवी 9वीं एडमिशन 2023 नोटिफिकेशन के मुताबिक, कक्षा 9 की कुल सीटों में से रिक्त सीटों पर दाखिला जवाहर नवोदय विश्वविद्यालय सिलेक्शन टेस्ट 2023 के माध्यम लिया जाएगा| इस चयन परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और इच्छुक माता-पिता परीक्षा के लिए 15 अक्टूबर 2022 तक अपने बच्चों का पंजीकरण करा सकते हैं|
अपने बच्चों के नवोदय विद्यालयों में 9वी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा हेतु पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट nvsadmissionclassnine.in पर करना होगा और रजिस्ट्रेशन कराने के बाद पंजीकृत यूजरनेम और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करके अपने बच्चे के लिए आवेदन सबमिट करना होगा|
बताते चलें कि दाखिले के लिए स्टूडेंट्स को वर्ष 2022-23 के दौरान कक्षा आठ में उसी जिले के किसी विद्यालय में पंजीकृत होना चाहिए जहां के नवोदय विद्यालय में दाखिला लेना है और छात्र या छात्रा का जन्म 1 मई 2008 से पहले और 30 अप्रैल 2010 के बाद नहीं हुआ होना चाहिए| यह आयु सीमा सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित की गई है| सेलेक्शन टेस्ट 2023 कुल 150 मिनट का होगा| इसमें मैथ और साइंस विषयों के 35-35 और हिंदी व अंग्रेजी के 15-15 प्रश्न होंगे| इन विषयों का सिलेबस कक्षा 8 के अनुसार होगा|