
देहरादून| प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के भंडार कक्ष में पीएम मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की फोटो मिलने से अफरा-तफरी मच गई| जानकारी के मुताबिक यह फोटो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की फोटो के साथ रखे गए थे| यह बात सामने आते ही पार्टी के बड़े और जिम्मेदार नेता कुछ भी बोलने से बचते नजर आए|
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में धुर विरोधियों की फोटो मिलने का मामला तूल पकड़ गया| इसी कार्यालय में हर दिन प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर तमाम नेताओं का जमावड़ा लगा रहता है| कार्यालय में ही महानगर व जिला इकाइयों के साथ कई फ्रंटल संगठनों प्रकोष्ठ के कक्ष भी है| प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी कार्यालय व प्रदेश महामंत्री व उपाध्यक्ष के कक्ष राजीव भवन के आगे की ओर है| जबकि पिछले हिस्से में भंडार कक्ष है| इस कक्ष में पीएम नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फोटो मिले हैं| इस मामले में कांग्रेस के बड़े नेता कुछ भी बोलने से बच रहे थे| इन फोटो की भनक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को भी नहीं लगी|
वैसे तो कांग्रेस का हर नेता प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को निशाने पर लेने का कोई मौका नहीं छोड़ते| राजनीतिक क्षेत्र में धुर विरोधियों की फोटो मिलने के बाद प्रदेश कार्यालय के जिम्मेदार पदाधिकारी भी इस मामले में टिप्पणी से बचते दिखाई दिए| आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिल्ली से वापस आएंगे| कहा जा रहा है कि यह मामला उनके समक्ष रखा जाएगा| इसे कार्यालय की व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है|
