गरुड़ – प्रियांशी फुलारा को मिला जनचेतना प्रतिभा सम्मान…..पिता ओम प्रकाश फुलारा भी हुए सम्मानित

गरुड़ (बागेश्वर) । सरस्वती विद्या मंदिर, बीसलपुर में विश्व जनचेतना ट्रस्ट भारत के आठवें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में नन्हीं प्रतिभा प्रियांशी फुलारा को जनचेतना प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान श्रीमद्भगवद्गीता का व्याख्या सहित वाचन करने की विशिष्ट प्रतिभा के लिए प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप प्रियांशी को 5100 रुपये की नकद धनराशि, स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र भेंट किया गया। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. रविशरण सिंह चौहान, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर बीसलपुर, भद्रपाल गंगवार, विश्व जनचेतना ट्रस्ट भारत के संस्थापक दिलीप कुमार पाठक एवं अध्यक्ष संतोष कुमार प्रीत सहित उपस्थित साहित्यकारों ने नन्हीं बच्ची की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर साहित्यकार एवं प्रियांशी के पिता ओम प्रकाश फुलारा ‘प्रफुल्ल’ को भी साहित्यिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें दोहा सागर में उत्कृष्ट दोहा सृजन के लिए संस्था की ओर से दोहा सम्राट की उपाधि तथा विधा प्रकाशन, दिल्ली द्वारा साहित्य श्री सम्मान प्रदान किया गया। पिता-पुत्री की इस दोहरी उपलब्धि से साहित्य जगत में हर्ष का माहौल रहा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर वरिष्ठ साहित्यकार मोहन जोशी, डॉ. हेम चंद्र दुबे, चंद्रशेखर बड़सीला, मनोज खोलिया, गिरीश अधिकारी, प्रेमा भट्ट, आशा जोशी एवं आशा बुटोला सहित अनेक साहित्यकारों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों को साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में सम्मानित किया जाना समारोह का विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

Advertisements

Leave a Reply