
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि राज्य में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक होगा| राज्य में 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक राजकीय शोक घोषित किया गया है|
सीडीएस जनरल बिपिन रावत के आकस्मिक निधन होने के कारण पूरा देश शोक में डूबा हुआ है| मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को देश और प्रदेश के लिए क्षति बताया है|
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनरल रावत का उत्तराखंड से विशेष लगाव था| राज्य के विकास की उनकी अपनी सोच थी| वह राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी पत्नी के साथ उत्तराखंड आए थे| उत्तराखंड के लिए उनका आकस्मिक निधन बड़ा दुखद है|
मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई| इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, स्वामी यतिस्वरानंद, विधायक हरवंश कपूर, हरभजन सिंह चीमा सहित अन्य विधायक मौजूद थे| उपस्थित सभी लोगों ने जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना मे हुए आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की|

