
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वित्त विभाग ने आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक अमित जैन को सस्पेंड करने से संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं|
आयुर्वेद विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी अमित जैन से सभी पदभार हटा दिए गए थे|
बता दें अमित जैन को कोषागार निदेशालय में संबद्ध किया गया था| उनके खिलाफ लंबे समय से विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितताओं की जांच प्रभावित होने की शिकायत मिली थी|
विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की विजिलेंस जांच चल रही थी| उन पर आरोप थे कि विश्वविद्यालय में मुख्य वित्त अधिकारी पद पर रहते हुए वह जांच को प्रभावित कर सकते हैं|
इस संबंध में उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने भी अपर मुख्य सचिव वित्त को 23 जून को लिखित शिकायत देकर तबादला करने की मांग की थी|
उनके पास नगर निगम देहरादून में वरिष्ठ वित्त अधिकारी का अतिरिक्त पदभार था| इससे पहले 10 जनवरी 2023 को शासन ने जैन का तबादला वरिष्ठ कोषाधिकारी रुद्रप्रयाग के पद पर किया था| इसके बावजूद जैन विश्वविद्यालय में मुख्य वित्त अधिकारी पद से कार्यमुक्त नहीं किए गए| अब सरकार ने जैन से सभी पदभार हटाकर कोषागार निदेशालय में संबद्ध किया है|
