सशस्त्र सीमा बल (SSB) क्षेत्रक मुख्यालय, अल्मोड़ा में “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम की श्रृंखला में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के क्षेत्रक मुख्यालय, अल्मोड़ा में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वैच्छिक रक्तदान शिविर’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह पुनीत कार्य सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज) के ब्लड बैंक के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।
इस शिविर में जवानों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान से पूर्व कुल 20 इच्छुक रक्तदाताओं की गहन स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) की गई, जिनमें से सभी मानकों पर खरे उतरने वाले 12 दाताओं द्वारा सफलतापूर्वक रक्तदान किया गया।
अधिकारियों ने पेश की मिसाल
शिविर की शुरुआत एक बेहतरीन पहल के साथ हुई, जहाँ शुभारंभ के अवसर पर डिप्टी कमांडेंट श्री रविनंद झा ने स्वयं रक्तदान कर जवानों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, शिविर के समापन के अवसर पर असिस्टेंट कमांडेंट श्री अजीत ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।
पैथोलॉजिस्ट एवं ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आशीष जैन ने जवानों का मार्गदर्शन किया। अपने मोटिवेशनल संदेश में उन्होंने कहा, “रक्तदान महादान है और यह समाज सेवा का सर्वोच्च रूप है। आपके द्वारा दान किया गया रक्त किसी असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान बन सकता है। एक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए; इससे न केवल दूसरों की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता का अपना स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।”
मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा ने बताया कि मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ गोविंद सिंह तितियाल एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश पुनेरा के मार्गदर्शन में मेडिकल कालेज अल्मोड़ा सामाजिक उत्तदायित्वों का निरंतर निर्वहन कर रहा है , इस तरह के आउट रीच कैंप चिकित्सा के सामाजिक आयाम को प्रदर्शित करते हैं।
शिविर के दौरान मेडिकल टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं को उनके इस अमूल्य योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, डोनर कार्ड एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ब्लड बैंक टीम में प्रभारी डॉ आशीष जैन, जूनियर रेजिडेंट डॉ आस्था, नर्सिंग अधिकारी नीलम रावत एवं मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा (शिविर संयोजक) सम्मिलित थे। वहीं एसएसबी की तरफ से वीर सिंह एवं उनकी टीम ने सहयोग प्रदान किया।

Advertisements

Leave a Reply