
गरुड़ (बागेश्वर) । गरुड़ ब्लॉक सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा की अध्यक्षता में कत्यूर महोत्सव की तैयारियों को लेकर क्षेत्रीय गणमान्य जनों, साहित्यकारों
बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों व विभिन्न विभागाध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई । महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी उपस्थित सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किये गये। इस अवसर पर विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि कत्यूर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों से महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने भी महोत्सव के सफल आयोजन में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि महोत्सव के आयोजन के लिए फिलहाल उपलब्ध 9 लाख 43 हजार रुपये की धनराशि नगर पंचायत को हस्तांतरित की जाएगी, जबकि शेष धनराशि जिला योजना के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक का संचालन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी धीरज कांडपाल ने किया।

