साइबर अपराध बड़ी चुनौती, पुलिस को सोचना होगा 10 गुना आगे, जानिए क्या बोले राज्यपाल

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि इन दोनों साइबर अपराध बड़ी चुनौती बन गया है| ऐसे में पुलिस को साइबर अपराधियों से 10 गुना आगे की सोच रखनी होगी तभी इन चुनौतियों से निपटा जाएगा| पुलिस को यह चाहिए कि वह साइबर की समझ रखने वाले दक्ष कर्मचारियों की टीम बनाए|


बीते रविवार को ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस के समापन सत्र में राज्यपाल उपस्थित रहे| इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस और विज्ञान का तालमेल बेहद जरूरी है| नई तकनीकों को अपनाकर पुलिस को और अधिक सशक्त बनने की जरूरत है| अभी पुलिस को अपने इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक मजबूत करना होगा| वर्तमान में अपराधी अपराध करने की नए-नए तरीके अपना रहे हैं| उनसे एक कदम आगे बढ़कर अपने आप को तैयार करने की जरूरत है| पुलिस बल को तकनीकी के साथ-साथ सक्षम माध्यम से सुसज्जित कर ही अपराधियों से निपटा जा सकता है| पुलिस अपनी कार्य कुशलता और सूझबूझ से लोगों के बीच गलत धारणाओं को दूर कर सकती है| उन्होंने कहा अमृत काल में विकसित भारत एवं विश्व गुरु भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पुलिस बल का महत्वपूर्ण योगदान है| इस पुलिस साइंस कांग्रेस में जो भी सुझाव पुलिस अधिकारियों के पास आए हैं उन पर गंभीरता से विचार कर अपने कार्य प्रणाली में शामिल करें|


इस दौरान उपस्थित मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने कहा कि पुलिस को इस वक्त स्मार्ट बनने के लिए विभिन्न प्रयास किया जा रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा जरूरी है कि विकसित देशों और भारत की पुलिस तकनीकों में गैप को कम किया जाए| इसके लिए देश के अग्रणी शैक्षिक संस्थाओं के साथ मिलकर पुलिस आधुनिकीकरण के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जा सकती है|