बागेश्वर – औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को औषधि विभाग का निरीक्षण अभियान…… जांच को भेजे जाएंगे दवा के नमूने

बागेश्वर । जनपद में औषधियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए औषधि विभाग द्वारा निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने केंद्रीय औषधि भंडार तथा गरुड़ क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।
औषधि निरीक्षक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर के बिलौना स्थित केंद्रीय औषधि भंडार (सीएमएसडी) का निरीक्षण कर औषधियों के भंडारण, निर्धारित तापमान, स्टॉक की स्थिति तथा एक्सपायरी एवं निकट भविष्य में एक्सपायर होने वाली दवाओं के पृथक रखरखाव की जांच की। इस दौरान औषधियों की प्राप्ति एवं निर्गमन से संबंधित अभिलेखों, स्टॉक रजिस्टर, बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा वितरण व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया। गुणवत्ता परीक्षण के लिए 10 औषधियों के नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
गरुड़ क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान औषधि अनुज्ञप्ति, क्रय-विक्रय से संबंधित बिलों एवं अभिलेखों, दवाओं की निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर, एमआरपी तथा एक्सपायर्ड दवाओं के रखरखाव की जांच की गई। साथ ही अनुसूची एच एवं एच-1 की दवाओं के विक्रय संबंधी नियमों, चिकित्सकीय पर्चों, रजिस्टरों, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति तथा कोल्ड चेन में रखी जाने वाली दवाओं के भंडारण की व्यवस्था भी परखी गई।
औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों को बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के अनुसूचित दवाओं का विक्रय नहीं करने तथा एक्सपायर्ड, संदिग्ध एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाने वाली औषधियों को बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं का निर्धारित मानकों के अनुसार भंडारण करने तथा सभी वैधानिक प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा। औषधि विभाग के अनुसार जनपद में दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

Leave a Reply