बागेश्वर – जिलाधिकारी ने की एसआईआर अभियान की प्रगति समीक्षा…..99.75 प्रतिशत नोटिस वितरित

बागेश्वर । विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों की स्थिति तथा नोटिसों की सुनवाई की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में जारी कुल 42,426 नोटिसों के सापेक्ष 42,321 नोटिस यानी 99.75 प्रतिशत नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, 03 अगस्त से 11 अगस्त तक कुल 14,393 नोटिसों की सुनवाई की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित है तथा 15 सितम्बर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि जहां-जहां नोटिसों की सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है, वहां अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सहभागिता बनी रहे और प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, कांग्रेस के बीएलए प्रवीण कोरंगा, भाजपा के बीएलए रवि करायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply