बागेश्वर -आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जिला पुस्तकालय……विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन का माहौल

बागेश्वर । जिला पुस्तकालय को आधुनिक एवं विद्यार्थियों के अनुकूल सुविधाओं से युक्त करने की दिशा में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पुस्तकालय भवन के मरम्मत कार्य, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में एसी, वाई-फाई, पर्याप्त चार्जिंग प्वाइंट और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था करने के साथ ही आवश्यकतानुसार टाइलिंग एवं अन्य मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए पुस्तकालय की सीटिंग क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांत, सुविधाजनक एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी आवश्यक कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आरडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आर. चंद्रा, जिला शिक्षा अधिकारी आशाराम तथा लाइब्रेरियन भुवन जोशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply