
बागेश्वर । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 13 अगस्त 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आलेख्य प्रकाशन के उपरांत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से प्रतिनिधियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा, कांग्रेस प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह खेतवाल एवं भाजपा प्रतिनिधि मदन राम आगरी उपस्थित रहे।


