बागेश्वर – अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने ली जिला हाईवे टास्क फोर्स की बैठक

बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला हाईवे टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने, क्षतिग्रस्त संकेतकों एवं क्रैश बैरियरों की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में सदस्य सचिव व राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, ईओ विनोद जीना, बलवंत रावत सहित टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply