अल्मोड़ा:- छात्र की जगह मुन्ना भाई ने दी थी परीक्षा…… पूरी हुई जांच…… छात्र फेल

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अधीन चंपावत परिसर में बीते वर्ष एक ऐसा मामला सामने आया था जहां पर छात्र की जगह मुन्ना भाई परीक्षा दे रहा था जो कि पकड़ा गया और अनुचित साधन जांच समिति ने जांच इस मामले में पूरी कर ली है तथा संबंधित छात्र को अनुत्तीर्ण घोषित करके उसका अगले सेमेस्टर में प्रवेश निरस्त कर दिया गया है।

बता दे कि एसएसजे विश्वविद्यालय से संबंधित चंपावत परिसर में शिक्षा सत्र 2022-23 के दौरान बीए छठे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्र की जगह दूसरा युवक परीक्षा देने के लिए पहुंच गया और इस दौरान कक्ष निरीक्षक ने परीक्षार्थियों की सूची का मिलान करने पर उसका नाम पूछा तो युवक ने अपना वास्तविक नाम उगल दिया और यह मामला पकड़ में आ गया इसके बाद छात्र की उत्तर पुस्तिका सील कर दी गई और अनुचित साधन जांच समिति ने इस पर अंतिम निर्णय लेते हुए छात्र को अनुत्तीर्ण घोषित करके उसके अगले सेमेस्टर में प्रवेश पर रोक लगा दी है।