अल्मोड़ा:- गोविंद बल्लभ पंत की 139वी जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया व्याख्यान

गोविन्द बल्लभ पन्त राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में वार्षिक दिवस एवं 32वें पं. गोविन्द बल्लभ पन्त स्मृति व्याख्यान का आयोजन
भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पन्त जी की 139वीं जयंती के अवसर पर किया गया।
गोविन्द बल्लभ पन्त राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान (NIHE), कोसी-कटारमल, अल्मोड़ा में आज संस्थान का वार्षिक दिवस एवं 32वां पं. गोविन्द बल्लभ पन्त स्मृति व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
कार्यक्रम के आरम्भ में संस्थान के निदेशक डा० आई०डी० भट्ट ने सभी अतिथियों को संस्थान तथा इसकी क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा हिमालयी क्षेत्रों में किये जा रहे विभिन्न शोध और विकासात्मक कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने संस्थान के पूर्व निदेशकों को स्मरण करते हुए संस्थान की उपलब्धियों तथा कार्यक्षेत्रों जैसे जल, आजीविका, जलवायु एवं जैव विविधता आदि का संक्षिप्त विवरण दिया। उन्होनें कहा कि विगत वर्षों में संस्थान नें जैव विविधता संरक्षण, सामाजिक एवं आर्थिक विकास, जलवायु परिवर्तन तथा जल जमीन संसाधनों के प्रबंधन के क्षेत्र में समन्वित प्रयास किये है। संस्थान विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं जैसे हिमालयी क्षेत्र के लोगों की आजीविका वर्धन, जैव विविधता संरक्षण, औषधीय पादपों के उत्पादन के तरीकों को जनमानस तक पहुंचाना तथा पानी के स्रोतों के संरक्षण इत्यादि को धरातल पर उतारने हेतु प्रयासरत है।
संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० सतीश चन्द्र आर्य ने 32वें पं. गोविन्द बल्लभ पंत स्मारक व्याख्यान के वक्ता प्रो. सरोज कांता बारिक, कुलपति, नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU), शिलांग का परिचय देते हुए उनके जीवनवृत्त से अवगत कराया।
इसके उपरान्त प्रो. सरोज कांता बारिक ने “हिमालय में क्षरित पारिस्थितिक तंत्रों एवं संकटग्रस्त पादपों का पुनर्स्थापन: सिद्धांत से क्रियान्वयन तक” विषय पर संस्थान का 32वां पं. गोविन्द बल्लभ पंत स्मारक व्याख्यान प्रस्तुत किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिक बदलाव, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, इन-सिचु एवं एक्स-सिचु संरक्षण तथा शिफ्टिंग कल्टिवेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र के संरक्षण एवं सतत विकास के लिए वैज्ञानिक शोध, स्थानीय पारंपरिक ज्ञान तथा समुदाय की भागीदारी का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने हिमालयी क्षेत्र में हो रहे पर्यावरणीय बदलावों, प्राकृतिक आपदाओं, जैव विविधता में परिवर्तन तथा स्थानीय समुदायों पर पड़ने वाले प्रभावों को समझने के लिए निरंतर शोध एवं अध्ययन की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रो. बारिक ने हिमालयी क्षेत्र में कार्यरत वैज्ञानिकों एवं संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शोध कार्यों को आगे बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
प्रो. सतपाल सिंह कुलपति, एस.एस.जे. विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा ने हिमालयी क्षेत्र में शोध एवं संरक्षण कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने वैज्ञानिकों एवं शोध संस्थानों के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता बताई तथा हिमालयी पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रो. एस.पी. सिंह, पूर्व कुलपति, एच.एन.बी. गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर ने हिमालयी क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों, जैव-विविधता, पारिस्थितिकी एवं प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े विषयों पर शोध को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने वैज्ञानिकों एवं शोध संस्थानों के बीच समन्वय तथा स्थानीय समुदायों की भागीदारी के माध्यम से हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण और सतत विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
सुश्री नमिता प्रसाद, संयुक्त सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार ने बताया कि भारत सरकार विभिन्न मिशनों, शोध परियोजनाओं, जागरूकता अभियानों इत्यादि द्वारा कार्य कर रही है। इसमें जी.बी. पंत संस्थान अल्मोड़ा मुख्य सहयोग दे रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान ग्लेशियर आकलन, जैव विविधता संरक्षण एवं समर्थन, डाटा एकत्रीकरण, आक्रामक प्रजातियों के पौधों का आकलन, जलवायु परिवर्तन से होने वाले दुष्प्रभाव आदि पर विशेषत: कार्य कर रहा है, जिसको देश-विदेश में भी सराहा जा रहा है, जो हम सभी के लिए गौरवशाली क्षण है। साथ ही संस्थान विभिन्न सरकारी-गैरसरकारी संस्थाओं के साथ सहभागिता कर भारतीय हिमालय क्षेत्र में विभिन्न शोध गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अजय भट्ट सांसद, लोकसभा, नैनीताल ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय टम्टा, राज्य मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने वीडियो संदेश के माध्यम से संस्थान द्वारा हिमालयी क्षेत्रों में किये जा रहे विभिन्न शोध एवेम विकास कार्यों की सराहना की और सभी से हिमालय को बचाने की अपील की।
इस अवसर पर संस्थान के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शोधार्थियों एवं कार्मिकों को बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड से सम्मानित किया गया तथा संस्थान के विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अदिति मिश्रा एवं मंजुल नौटियाल तथा समापन संस्थान के वरिष्ट वैज्ञानिक ई. एम.एस. लोधी, के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार की संयुक्त सचिव सुश्री नमिता प्रसाद, प्रदीप धौलाखंडी, डी.एफ.ओ. अल्मोड़ा, प्रो. जे.एस. रावत, प्रो. एल.एम तिवारी, प्रो. एस.पी. सती, डा. आर.सी. प्रसाद, अनिल यादव, डा. पंकज तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार पी.सी. तिवारी, डा. जी.सी.एस. नेगी, डा. नवीन जोशी, गिरीश चन्द्र पन्त सहित संस्थान के समस्त वैज्ञानिकों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों समेत लगभग 250 प्रतिभागियों और गणमान्य व्यक्तियों नें प्रतिभाग किया।

Advertisements

Leave a Reply