
रमेश चन्द्र पाण्डेय (बृजवासी)

गरुड़। कोतवाली बैजनाथ में कोतवाल विजय मेहता ने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित कर गरुड़ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए पुलिस की कार्ययोजना साझा की।
कोतवाल विजय मेहता ने कहा कि गरुड़ बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए नियमित चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भी पुलिस प्रभावी कदम उठाएगी। जनता को साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस दिशा में आम जनता और पत्रकारों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए पुलिस एवं तत्परता से कार्य करेगी।
पत्रकार वार्ता में तहसील पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला, रमेश बृजवासी, अखिल जोशी, दिनेश नेगी और कृष्णा गड़िया सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।


