बागेश्वर – आपदा प्रबंधन दिवस पर बागेश्वर में व्यापक मॉक ड्रिल…… नौ स्थानों पर परखी गई राहत-बचाव की तैयारियां

बागेश्वर । सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद बागेश्वर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद के नौ स्थानों पर विभिन्न आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर राहत एवं बचाव तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागीय समन्वय को परखा गया।
मॉक ड्रिल में भूकंप, अतिवृष्टि, बादल फटना, भूस्खलन, जलभराव, अग्निकांड, आकाशीय बिजली गिरने एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। आपातकालीन सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। अभ्यास के तहत बिलौना रोडवेज बस अड्डे पर सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने एवं जलभराव, जिम कॉर्बेट स्कूल में अग्निकांड, जिला अस्पताल में भूस्खलन, राजकीय इंटर कॉलेज असों में मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा कपकोट स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बादल फटने एवं अग्निकांड की परिस्थितियां बनाई गईं। प्राथमिक विद्यालय वज्यूला में भूकंप, ग्राम मवई (गरुड़) में भूकंप एवं भू-धंसाव, राजकीय इंटर कॉलेज कांडा में अतिवृष्टि एवं आकाशीय बिजली तथा तहसील कार्यालय वनलेख, दुगनाकुरी में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) से जुड़े अधिकारियों ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से सभी घटनास्थलों की लगातार मॉनिटरिंग की। सामान्य घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार तथा गंभीर घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, विभागीय समन्वय तथा जनसुरक्षा की तैयारियों को और मजबूत करना रहा।

Advertisements

Leave a Reply