अल्मोड़ा:- रचना दिवस महोत्सव की रजत जयंती पर 25 विभूतियाँ होंगी सम्मानित….. मोहन उप्रेती समिति ने घोषित किए नाम

अल्मोड़ा। 25 वें रचना दिवस महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले रजत जयंती समारोह में साहित्य, रंगमंच, संगीत, कला, संस्कृति, समाजसेवा एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 व्यक्तित्वों को विभिन्न सम्मानों से नवाजा जाएगा। मोहन उप्रेती लोक संस्कृति, कला एवं विज्ञान शोध समिति, अल्मोड़ा ने इस वर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए चयनित विभूतियों के नामों की घोषणा की है। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ रंगकर्मी, साहित्यकार, संगीतज्ञ, चित्रकार, छायाकार, संस्कृतिकर्मी, सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्व तथा युवा एवं बाल प्रतिभाएँ शामिल हैं।

Advertisements

समिति द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रमुख सम्मानों में मोहन उप्रेती सम्मान, कौस्तुभ सम्मान, समिति सम्मान, युवा प्रतिभा सम्मान, साहित्यिक आलोक सम्मान, नारी प्रेरणा गौरव सम्मान, कला साधक सम्मान तथा बाल प्रतिभा सम्मान शामिल हैं। इन सम्मानों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से साधना, सृजन एवं समाज के प्रति समर्पित योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है।

मोहन उप्रेती सम्मान वरिष्ठ रंगकर्मी श्रीश डोभाल (राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय) तथा केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी सम्मान से सम्मानित रंगकर्मी भूपेश जोशी को प्रदान किया जाएगा। वहीं बनारस घराने के वरिष्ठ वायलिन वादक रविशंकर प्रसन्ना तथा वरिष्ठ पखावज वादक डॉ. संतोष नामदेव (मृदंग महर्षि पागल दास जी महाराज के शिष्य) कौस्तुभ सम्मान से सम्मानित होंगे।

समिति सम्मान के लिए रंगकर्मी मनमोहन चौधरी, अनिल सनवाल, डॉ. डी.एन. भट्ट एवं राकेश शर्मा तथा छायाकार जयमित्र सिंह बिष्ट का चयन किया गया है। साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए साहित्यिक आलोक सम्मान उदय किरोला, नवीन बिष्ट, चंद्र प्रकाश फुलोरिया, नीरज पंत एवं मोहन पंत को प्रदान किया जाएगा।

महिलाओं के योगदान, उपलब्धियों एवं समाज में उनकी प्रेरणादायी भूमिका के लिए नारी प्रेरणा गौरव सम्मान से मीता उपाध्याय, शांति जीना एवं डॉ. वसुधा पंत सम्मानित होंगी।

युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा प्रतिभा सम्मान प्रतिष्ठित भरतनाट्यम नर्तक शुभम् खोवाल (वरिष्ठ गुरु दीपक मजूमदार जी के शिष्य) व रंगमंचीय कलाकार कैलाश कुमार (उस्ताद बिस्मिल्लाह खां सम्मान से सम्मानित) को प्रदान किया जाएगा।

कला एवं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय साधना और योगदान के लिए कला साधक सम्मान चित्रकार प्रभात जोशी, तबला वादक प्रकाश आर्य (अजराड़ा घराने के विजय कृष्ण के शिष्य), बनारस घराने के देवाशीष दे के शिष्य शास्त्रीय गायक डॉ. जगमोहन परगाई, लोक गायक कुंदन लाल, संस्कृतिकर्मी राजेंद्र तिवारी तथा राजस्थान के बनारस घराने के युवा शास्त्रीय गायक आनंद उपाकाश को दिया जाएगा।

नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किए जाने वाले बाल प्रतिभा सम्मान के अंतर्गत वायलिन, रंगमंच, भरतनाट्यम, कथक एवं अन्य विधाओं के बाल कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।

समिति के सचिव कमल पांडे ने बताया कि संस्था पिछले 25 वर्षों से साहित्यकारों, रंगकर्मियों, कलाकारों, संगीतज्ञों, समाजसेवियों, वैज्ञानिकों तथा विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करती आ रही है। इन सम्मानों का उद्देश्य समाज के प्रति उनके योगदान को पहचान देना, उनकी साधना एवं कार्यों को सम्मानित करना और नई पीढ़ी को कला, साहित्य, संस्कृति, विज्ञान तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में प्रस्तावित 25वें रचना दिवस महोत्सव (रजत जयंती समारोह) के अंतर्गत घोषित सभी सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply