
बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (RIDF) के अंतर्गत संचालित पॉलीहाउस योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को योजना के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष लक्ष्यों की पूर्ति के लिए ग्राम्य विकास, सहकारिता, रेशम, मत्स्य, कृषि सहित अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विभागवार लक्ष्य आवंटित किए जाएं। साथ ही पात्र कृषकों को योजना की जानकारी देकर अधिकाधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं। पॉलीहाउस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संरक्षित खेती को बढ़ावा मिलेगा तथा कृषकों की उत्पादकता एवं आय में वृद्धि होगी।
जिला उद्यान अधिकारी कुलदीप जोशी ने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर पॉलीहाउस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जनपद में 50 एवं 100 वर्ग मीटर आकार के कुल 444 पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 353 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इच्छुक कृषक जन सेवा केंद्र, स्वयं अथवा उद्यान सचल दल केंद्रों के माध्यम से आपुणि सरकार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषक अपनी सुविधानुसार फर्म का चयन कर पॉलीहाउस स्थापित करा सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित उद्यान, सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।





