
बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं, बीस सूत्रीय कार्यक्रम, 25 सूत्रीय कार्यक्रम, टास्क फोर्स एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विभागों को योजनावार निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभागवार बजट व्यय एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए वन विभाग की कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा आवंटित धनराशि का अपेक्षित उपयोग नहीं किया जा रहा है, उनकी अवशेष धनराशि नियमानुसार अन्य बेहतर प्रगति करने वाले विभागों को हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी को कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर चेतावनी देते हुए एक माह के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रगति न होने पर संबंधित कार्यों एवं दायित्वों के हस्तांतरण की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा जिला स्तर पर किसी भी प्रकार की लंबितता न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागों को टेंडर प्रक्रिया एवं कार्य आवंटन से संबंधित लंबित औपचारिकताएं दिसंबर से पूर्व पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने 25 सूत्रीय कार्यक्रम एवं टास्क फोर्स के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों और कार्यों की भी समीक्षा की तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





