
बागेश्वर । आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 23 अक्टूबर से प्रारंभ होगी। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को कोषागार के समीप स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एफएलसी के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन के लिए केंद्र में पर्याप्त बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी कार्यक्रम की जानकारी समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं आवश्यक समन्वय बना रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी केंद्र में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्ण करने तथा एफएलसी के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा, सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





