बागेश्वर – सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलौरी में आयोजित किया गया शिविर….290 लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ

बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को प्राथमिक विद्यालय बिलौरी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक पार्वती दास मौजूद रही।
शिविर में सात जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जबकि लगभग 290 लोगों ने सहभागिता कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, बाल विकास, आपूर्ति, आधार एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। विधायक पार्वती दास ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
शिविर के अलावा सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत शहरी विकास विभाग द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र कपकोट तथा गरुड़ में नालियों, नालों, जल स्रोतों व घाटों की विशेष सफाई एवं कचरा संग्रहण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। सहकारिता विभाग द्वारा जनपद बागेश्वर के समस्त एमपैक्स में ‘मिलट मिशन योजना’ के तहत मडुआ और झंगोरा जैसे स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार हेतु जानकारी दी गई। वहीं स्वजल विभाग ने जिले के विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई का कार्य किया तथा इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंधार में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ, बाल विकास विभाग द्वारा देवलचौरा-अनर्सा में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करते हुए लोगों को जागरूक किया।

Advertisements

Leave a Reply