
उत्तराखंड राज्य के रुड़की से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां पर भाई ने अपनी सगी बहन और पड़ोसी युवक को प्रेम प्रसंग के शक के चलते गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस डबल मर्डर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के झबरेड़ी गांव में आज शनिवार की सुबह एक भाई ने अपनी बहन और पड़ोसी युवक को गोली मार दी जिससे कि दोनों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक झबरेड़ी कलां गांव निवासी अमन ने अपनी बहन रूपा और पड़ोसी युवक सूरज उर्फ मुन्ना को गोली मार दी और इस घटना के बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अमन के स्थानीय स्तर पर गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है तथा इस मामले में प्रेम प्रसंग समेत अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात भी पुलिस द्वारा कही गई है।





