
अल्मोड़ा। जिले में इन दिनों तेंदुए ने आतंक मचा कर रखा है और बाड़ेछीना स्थित छानी गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था जिसमें शावक फंस गया। शावक के पिंजरे में फंसने के बाद भारी संख्या में वहां पर भीड़ जुट गई। जानकारी के मुताबिक बाड़ेछीना स्थित छानी गांव में बीते बुधवार की सुबह करीब 6:30 बजे स्थानीय निवासी दीवान सिंह पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया जिसके बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त करते हुए तेंदुए की सक्रियता जानने के लिए ट्रैप कैमरे स्थापित किए और इसके साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया और इस घटना के तीन दिन बाद पिंजरे में तेंदुए की जगह एक चार माह का शावक फंस गया। शावक के पिंजरे में कैद होने की खबर फैलते ही लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा वनकर्मियों ने शावक का रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अब और अधिक सतर्क रहने की अपील की है।


