
उत्तराखंड राज्य में अक्सर सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं एक ऐसा ही मामला फिर से सामने आया है जहां भवाली- सेनिटोरियम रोड पर अनियंत्रित होकर कार खाई में गिर गई और इस दौरान एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, घंटो की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाल कर सड़क तक पहुंचाया गया इस घटना के बाद राज्य में दुख की लहर है। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार यह हादसा आज गुरुवार को दोपहर 2:15 में हुआ। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और इस भीषण हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा तफरी मच गई। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल तथा 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल निवासी खटीमा के रूप में हुई है और वाहन चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा की भी इस हादसे में जान चली गई।


