बागेश्वर:- जनता दरबार में 19 शिकायतें,दर्ज, त्वरित समाधान के दिए निर्देश, लंबित शिकायतों पर सख्ती, ई-ऑफिस को अनिवार्य करने के निर्देश

बागेश्वर । जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें प्रमुख रूप से विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान संबंधित स्तर पर त्वरित रूप से किया जाए तथा इसकी सूचना शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से दी जाए।
जनता दरबार के उपरांत अपर जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं जन समर्पण पोर्टल की समीक्षा भी की। सीएम हेल्पलाइन पर लंबे समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश दिए गए। सभी विभागों को अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली संचालित करने तथा भविष्य में सभी फाइलें केवल ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जल निगम के अधिशासी अभियंता वी.के. रवि, जल संस्थान से दीनदयाल टम्टा, लोक निर्माण विभाग के संजय पांडे, जिला पूर्ति अधिकारी जी.बी. पांडे, समाज कल्याण अधिकारी जसमीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply