अल्मोड़ा -: 15 से 17 आयु वर्ग के पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों का ऐसे होगा टीकाकरण, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

अल्मोड़ा| जनपद में शासकीय अशासकीय विद्यालयों में कोरोना वैक्सीन लगाने का कार्य प्रगति पर है| वैक्सीनेशन को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है| वैक्सीनेशन केंद्रों में सुबह से ही बच्चों की भीड़ हो रही है|


इसी क्रम में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि ऐसा संज्ञान में आया है कि ऐसे छात्र-छात्राएं जिनके द्वारा कक्षा 8 के बाद विद्यालय छोड़ दिया गया था, परंतु वर्तमान में उनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के मध्य है, तथा वह गांव में निवास करते हैं| ऐसे बच्चों को विद्यालय में लगे कैंपों में वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है| जिसके लिए जिलाधिकारी ने चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले वैक्सीनेशन कैंप में ऐसे सभी बच्चों को जिनकी आयु 15 से 16 वर्ष के मध्य हैं, उनके द्वारा आयु का प्रमाण पत्र दिखाए जाने पर उन्हें अनिवार्य रूप से कोरोना वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जाए|


ऐसे सभी बच्चे जिनकी आयु 15 से 17 वर्ष की है फिर चाहे वह विद्यालय में अध्ययन कर रहे हो या फिर नहीं सभी को वैक्सीन लगाना अनिवार्य है| ऐसे अनेक बच्चे हैं जिन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और कोरोना की तीसरी लहर आने को तैयार है| इससे पहले सभी का टीकाकरण करना अनिवार्य है| ऐसे में अगर इन बच्चों का टीकाकरण नहीं किया गया तो संक्रमण फैल सकता है|