
बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में बैजनाथ धाम,बागनाथ मंदिर,नीलेश्वर, भीलेश्वर, केदारेश्वर,पिनाकेश्वर,तुर्रेश्वर,कपिलेश्वर सहित अनेक शिवालयों में प्रातः काल से ही शिवभक्तों की भीड़ लगी रही । सभी श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की । बागेश्वर में बाबा बागनाथ का सरयू त्रिवेणी के पवित्र जल से तो बैजनाथ मंदिर में गोमती के पवित्र जल से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया ।
चक्रवृत्तेश्वर में पुजारी निरंजन गिरि महाराज,तुर्रेश्वर महादेव मंदिर में बाबा नन्दन गिरि महाराज, बैजनाथ में पुजारी त्रिलोक गिरि महाराज ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उनका श्रंगार किया । इसी प्रकार घिंघेश्वर,कंठेश्वर,प्रकटेश्वर, सिद्धेश्वर, पिंगलेश्वर के मंदिरों में बाबा भोलेनाथ का पुजारियों द्वारा श्रंगार किया गया । सभी मंदिरों में ऊं नमः शिवाय का महामंत्र गुंजायमान रहा । सभी मंदिरों में बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक के साथ-साथ पूजा अर्चना की गयी । इसके साथ ही अल्मोड़ा में जागेश्वर धाम, बिनसर महादेव,बेतालेश्वर और आसपास के शिवालयों में भक्तों ने पूजा अर्चना की। मंदिरों में प्रातः काल से अपराह्न दो बजे तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। स्थानीय बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही ।

