
देहरादून| वायुसेना अधिकारी मनीषा ने राज्य का गौरव बढ़ाया है| बता दें मनीष को मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरी बाबू कंभमपती ने एडीसी के रूप में नियुक्त किया है| वह देश की पहली महिला भारतीय सशस्त्र बल अधिकारी बन गई है, जिन्हें राज्यपाल के एडीसी के रूप में नियुक्त किया गया है|
उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है, यहां सेना में भर्ती होना जीविकोपार्जन का साधन नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान और गौरव की परंपरा रही है| नागल ज्वालापुर, डोईवाला, देहरादून निवासी लीलावती कार्की का परिवार इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है|
बता दें, लीलावती के पति प्रेम सिंह कार्की भी सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे| सेना से सेवानिवृत्ति के बाद इसी साल फरवरी में एक हादसे में उनका निधन हो गया था| लीलावती का बेटा दीपक कार्की सेवा में मेजर है, जो इन दिनों गुरदासपुर में तैनात है, जबकि उनकी बहू मनीषा वायुसेना में एक्वाड्रन लीडर है|
बता दें, मनीष इससे पहले वायु सेवा स्टेशन बीदर, वायुसेवा स्टेशन पुणे और वायु सेवा स्टेशन भटिंडा में तैनात थीं|
मनीषा की इस उपलब्धि से गांव में खुशी छाई हुई है| मिजोरम के राज्यपाल ने भी अपने एक संदेश में कहा है कि मनीषा की नियुक्ति महज एक मील का पत्थर नहीं, बल्कि उन महिलाओं की उल्लेखनीय क्षमताओं का प्रमाण है, जो लैंगिक मानदंडों को चुनौती देती है और कई क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करती है|
