
उत्तराखंड में पहली बार 6 खिलाड़ियों को हिमालय पुत्र पुरस्कार मिलेगा| इसमें एक दिव्यांग, दो टीम एवं तीन व्यक्तिगत स्पर्धा के खिलाड़ियों को यह पुरस्कार दिया जाएगा|
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पुरस्कार के लिए चरण प्रक्रिया चल रही है| सभी मानकों को पूरा कर रहे खिलाड़ियों के नाम शासन को भेजे जाएंगे|
शासन स्तर से मंत्री के अनुमोदन के बाद पुरस्कारों के लिए चयनित खिलाड़ियों के नाम घोषित किए जाएंगे| प्रदेश के खिलाड़ी कई खेलों में देश और दुनिया भर में अपना लोहा मनवा रहे हैं|
बता दे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को समय-समय पर देवभूमि उत्तराखंड, खेल रत्न पुरस्कार, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड और खेल प्रशिक्षक को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से हर साल सम्मानित किया जाता है, लेकिन खिलाड़ियों को हिमालय पुत्र पुरस्कार पहली बार मिलने जा रहा है|
खेल विभाग के अफसरों के अनुसार, खेल निदेशालय को 16 अक्टूबर तक कई पुरस्कारों के लिए आवेदन मिल चुके हैं|
खेल निदेशक जितेंद्र कुमार सोनकर के अनुसार, आवेदनों की जांच के बाद इसके लिए गठित कमेटी की बैठक होगी| कमेटी के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षक का नाम शासन को भेजा जाएगा| शासन की हाईपावर कमेटी और खेल मंत्री के अनुमोदन के बाद पुरस्कारों के लिए नाम घोषित किए जाएंगे|
