Uttarakhand-आसमान छू रहे हैं प्याज के दाम…… मंडियों में काउंटर लगाने के जारी हुए आदेश

हल्द्वानी। टमाटर के बाद अब लगातार प्याज की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है और प्याज के बढ़ते दामों को देखते हुए मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर ने जनता को राहत पहुंचाने हेतु मंडियो में सस्ती दरों पर प्याज की बिक्री हेतु काउंटर लगाने के आदेश दिए हैं। बीते बुधवार को आदेश के तहत नवीन मंडी में लगे सस्ते प्याज के काउंटर का मंडी अध्यक्ष ने शुभारंभ किया। काउंटर पर 2 घंटे में 1.32 कुंतल प्याज 132 उपभोक्ताओं ने खरीद लिया।

बता दे कि मंडी की ओर से प्याज ₹40 किलोग्राम की दर से बेचा गया और सस्ते प्याज के काउंटर लगते ही बाजार में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। थोक में ₹500 क्विंटल और रिटेल बाजार में ₹10 की कीमत कम हो गई। बाजार में कीमत सामान्य होने तक प्याज के काउंटर आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए खुले रहेंगे। इस दौरान मंडी निरीक्षक भुवन गोस्वामी, पंकज वर्मा, गणेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे और इसी साल टमाटर के दाम बढ़ाने के बाद अब प्याज लोगों को रुला रहा है। टमाटर ने एक बार रसोई घर का पूरा बजट बिगाड़ दिया जिसके बाद अब प्याज भी काफी महंगा हो रहा है। बता दे कि शहरों में प्याज 70 से 80 रुपए किलो के हिसाब से मिल रहा है और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मंडियो में प्याज काउंटर लगाए गए हैं।