Uttarakhand -: 100 से ज्यादा फर्जी आयुष्मान कार्ड से हुआ उपचार, अभी तक नहीं हुआ भुगतान

उत्तराखंड के मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालों में इलाज करने के लिए उत्तर प्रदेश के फर्जी आयुष्मान कार्ड इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है| इन कार्डों के जरिए यहां इलाज तो कर लिया, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने इनका भुगतान नहीं किया| ऐसे मामले जब एकाएक बढ़े तो अस्पतालों की नींद उड़ गई|


कहा जा रहा है कि यह किसी गिरोह का काम है, जल्द ही इसमें बड़ा खुलासा हो सकता है|
उत्तराखंड शासन को इस संबंध में श्री महंत इंद्रिरेश अस्पताल ने सूचित किया है| साथ ही यूपी के मरीजों का आयुष्मान कार्ड से इलाज बंद कर दिया गया है| श्री महंत इंद्रिरेश अस्पताल के एमएस डॉ प्रेरक मित्तल के अनुसार, यूपी के 100 से अधिक आयुष्मान कार्ड धारकों का अप्रूवल के साथ अस्पताल में इलाज किया गया, लेकिन जब भुगतान की बारी आई तो पता चला कि यह सभी आयुष्मान कार्ड फर्जी तरीके से बनाए गए हैं| इसलिए इनका भुगतान नहीं किया जा सकता| यूपी के आयुष्मान कार्ड पोर्टल पर क्वेरी और रिजेक्शन पर बात करने के लिए कोई विकल्प नहीं है| इस संबंध में शासन को सूचित किया गया है|


दूसरी और दून अस्पताल में भी सिर्फ इमरजेंसी में ही आयुष्मान मरीजों का इलाज किया जा रहा है| दून अस्पताल के डिप्टी एमएस व आयुष्मान के नोडल डॉ. धनंजय डोभाल के मुताबिक, पिछले 6 महीने से यूपी के बिलों का भुगतान नहीं हुआ है| ऐसे में यह कहा गया है कि इन मरीजों का सिर्फ इमरजेंसी में ही इलाज किया जाए| अगर इमरजेंसी नहीं है तो मरीज को वापस करना पड़ रहा है| उन्होंने कहा कि अस्पताल में जब भी यूपी का आयुष्मान कार्ड का मरीज आता है तो उनके राज्य को इसकी जानकारी देकर इलाज के लिए अनुमति लेनी पड़ती है| अनुमति तुरंत मिल जाती है लेकिन बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है| अब तक करीब 270 मरीज का लाखों का बिल बकाया है| इसके लिए शासन को पत्र भी लिखा गया है|

Recent Posts