
मामला रुड़की से सामने आ रहा है, जहां बाईपास पर एक डंपर ने बाइक सवार तीन कांवड़ियों को कुचल दिया| जिसमें दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हुआ है|
गुस्साए कावड़ियों ने कार में आग लगा दी और बाईपास पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया| सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाकर मामला शांत किया|
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह दिल्ली की ओर से कुछ कांवड़िए बाइक पर गंगाजल लेने हरिद्वार आ रहे थे| जैसे ही वह बाईपास पर टोडा खटका गांव के पास पहुंचे तो एक डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी| डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो कावड़ियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया घायल हो गया| इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने बाईपास पर जाम लगा दिया और एक कार को रोककर उसमें आग लगा दी| बाईपास पर जाम लगाने और कार में आग लगाने की सूचना मिलने पर रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मुश्किल से आग पर काबू पाया गया|
हादसे में 26 वर्षीय मनोज पुत्र मेवाराम निवासी राजस्थान और 22 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र शांति नंदन निवासी फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप पुत्र बंशीलाल निवासी आगरा की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया| मृतकों और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है| तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही होगी|

