
अल्मोड़ा| प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले की शुरुआत हो गई है| मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने किया|
इस दौरान सांसद ने कहा कि जागेश्वर को मानसखंड मंदिर माला परियोजना में शामिल कर मास्टर प्लान के तहत इसका विकास किया जा रहा है| इससे जागेश्वर धाम को विश्व पटल पर नई पहचान मिलेगी और यहां के साथ पूरे जिले के धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी| जागेश्वर धाम प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश और विश्व में प्रसिद्ध है| देश-विदेश के श्रद्धालुओं की धाम में अपार आस्था है| मेले को भव्य रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी|
इस दौरान विधायक तिवारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से जागेश्वर के विकास के लिए किए जा रहे मास्टर प्लान कार्यों की सहारना कि| उन्होंने मास्टर प्लान के कार्य शुरू करने के दौरान स्थानीय लोगों के हितों को सर्वोपरि रखने की मांग उठाई|
अल्मोड़ा डीएम और जागेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनीत तोमर ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसकी पूरी व्यवस्था की गई है| साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण की सभी व्यवस्थाएं की गई है|

