
उत्तराखंड राज्य के कुमाऊं क्षेत्र में मानसूनी बारिश का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। भूस्खलन व मलबा आने से कुमाऊं मंडल में 64 सड़कों पर यातायात बंद है और इससे हजारों ग्रामीणों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। काशीपुर में मकान क्षतिग्रस्त होने से 2 लोगों की मौत हो गई है और 2 अन्य लोग घायल हैं। मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी जिला अधिकारियों से युद्ध स्तर पर सड़कों को खोलने तथा आपदा से हुए नुकसान की क्षति का आकलन करते हुए प्रभावितों को राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। कुमाऊं के नैनीताल में 15 सड़कों पर यातायात बंद है जिसमें 11 ग्रामीण मार्ग, तीन राज्य मार्ग व एक जिला मार्ग शामिल है वहीं अल्मोड़ा में 523 में से 15 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ में 419 में से 10 ग्रामीण मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित है। वही बागेश्वर में 140 सड़कों में से 6 और चंपावत में 424 में से 17 सड़के बंद है। कुमाऊं में बारिश के कारण काशीपुर में मकान क्षतिग्रस्त हो गया और इस दौरान दो की मौत भी हो गई।

