
देहरादून| सरकार महाविद्यालयों में अध्ययनरत 50 निर्धन एवं मेधावी छात्रों को शोध कार्यों के लिए हर माह 5,000 छात्रवृत्ति देगी| उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा, अफसरों को इसे इसी शिक्षा सत्र से देने के निर्देश दिए गए हैं| साथ ही राज्य में 24 राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों को मॉडल संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा|
यमुना कॉलोनी स्थित राजकीय आवास में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में शोध परक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है| शोध के लिए छात्रवृत्ति से प्रदेश के गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान छात्रों को अपनी रूचि के अनुरूप शोध करने का अवसर मिलेगा| वहीं छात्रों में शोध के प्रति जागरूकता बढ़ेगी|

