
भारत में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदल गया है जिसका नाम बिपरजाय रखा गया है। आईएमडी ने आज इसे लेकर चेतावनी जारी की है और कहा गया है कि पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बने गहरे दबाव का क्षेत्र तूफान का रूप ले चुका है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के अंदर मौसम बदलेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिलेगी। यह चक्रवाती तूफान काफी तेजी से भारत के समुद्र तटीय राज्यों की ओर बढ़ रहा है। केरल -कर्नाटक तटों और लक्षद्वीप, मालदीव, महाराष्ट्र तथा गोवा के तटो से मछुआरों को वापस लौटने की सलाह दी गई है क्योंकि यहां पर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर दबाव का क्षेत्र बनने और इसके गहरा होने से मानसून का केरल तट की ओर आगमन प्रभावित हो सकता है। फिलहाल मौसम विभाग द्वारा केरल में मानसून आगमन की संभावित तिथि नहीं बताई है मगर चक्रवात से मानसून प्रभावित हो सकता है।

