
उत्तराखंड राज्य में आंगनबाड़ी केंद्र की तरफ से बच्चों को और महिलाओं को रेडी टू ईट फूड उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। बता दें कि आंगनबाड़ी केंद्र महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के क्रम में इस व्यवस्था के लिए किसी केंद्रीय एजेंसी ने टाइअप किया है तथा प्रयास किया जा रहा है कि वर्ष 2023 के अक्टूबर से यह व्यवस्था अमल में लाई जाए। इसके पीछे की मंशा यह है कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को वैज्ञानिक कसौटी पर परखा सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जाए। वर्तमान समय में राज्य में 14947 आंगनबाड़ी केंद्र और 5120 मिनी आंगनवाड़ी केंद्र है। इनमें पंजीकृत 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता की पूर्ति के लिए पोषाहार टेक होम राशन दिया जाता है । माह में 25 दिन के लिए एकमुश्त राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी है और अब आंगनबाड़ी के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को रेडी टू ईट फूड उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। इस योजना को लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।

