
अब 55 साल से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों को चारधाम यात्रा ड्यूटी पर नहीं लगाया जाएगा| इस संबंध में डीजीपी अशोक कुमार ने आदेश जारी कर दिए हैं|
चारधाम ड्यूटी के वक्त स्वास्थ्य समस्याओं के चलते यह फैसला लिया गया है| इसके लिए संबंधित जिलों को ड्यूटी की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं|
डीजीपी अशोक कुमार के अनुसार, ऊंचाई वाले स्थानों पर उम्रदराज लोगों के सामने कई स्वास्थ्य समस्याएं आ रही है| अब तक कई यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है| कई पुलिसकर्मियों ने भी अपने स्वास्थ्य को लेकर शिकायतें की हैं| ऐसे में 55 वर्ष से अधिक आयु वाले पुलिसकर्मियों से यात्रा मार्ग पर ड्यूटी नहीं कराई जाएगी|
यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस, जल पुलिस, पर्यटन पुलिस और एसडीआरएफ की चौकियां बनी हुई है, जहां श्रद्धालु अपनी समस्याएं लेकर आ सकते हैं| साथ ही बुजुर्ग यात्रियों के लिए होमगार्ड की भी व्यवस्था की गई है|
