
उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार से अक्सर काफी अधिक मात्रा में आपराधिक मामले सामने आते रहते हैं। एक ऐसा ही मामला हरिद्वार से फिर एक बार सामने आया है। बता दें कि एक युवक और उसकी महिला मित्र की आपत्तिजनक वीडियो बनाने के बाद उन्हें ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उससे ₹5,00,000 की रकम मांगी गई और रकम ना देने पर वीडियो उसके परिवार वालों के मोबाइल पर भेज दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी युवक ने कनखल थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी महिला मित्र के साथ कनखल क्षेत्र के फ्लैट में गया था और उसी दौरान उसके परिचित सागर चौधरी ने दोनों की आपत्तिजनक वीडियो बना ली। जिसके बाद उसे ब्लैकमेल करते हुए लाखों की डिमांड की गई। सागर ने उसे रकम डलवाने के लिए अकाउंट नंबर भी भेजा और जब युवक रकम नहीं दे पाया तो उसने युवक के परिजनों के मोबाइल में वह वीडियो भेज दी जिसके कारण परिवार में क्लेश हो गया और उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा जांच करने के बाद पुलिस आगे की कार्यवाही करेगी।

